राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL में ऐसा तूफान बने हुए हैं, जिसे रोकना बड़े-बड़े गेंदबाजों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने सिर्फ विरोधी टीमों को ही नहीं, बल्कि अपनी ही टीम के स्टार गेंदबाजों को भी हैरान कर दिया है. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भी अब वैभव की बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है.
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूत किया. इस मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी एक बार फिर चर्चा में रही. ब्रॉडकास्टर्स ने जब जोफ्रा आर्चर से नेट्स में वैभव को गेंदबाजी करने को लेकर सवाल पूछा, तो उनका जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
क्या जोफ्रा आर्चर भी वैभव सूर्यवंशी को रोकने में रहे नाकाम?
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर ने इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से मजाकिया अंदाज में पूछा कि आप नेट्स में उसे कहां गेंदबाजी करते हैं? इस सवाल पर आर्चर ने हंसते हुए जवाब दिया कि टूर्नामेंट खत्म होने के बाद बताऊंगा.’ आर्चर के इस जवाब के बाद माहौल हल्का हो गया, लेकिन इससे यह भी साफ हो गया कि वैभव सूर्यवंशी इस समय गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं.
आईपीएल सीजन में 24 विकेट लेने वाले जोफ्रा आर्चर भी वैभव सूर्यवंशी के सामने संघर्ष करते दिखे. राजस्थान रॉयल्स के सोशल मीडिया पोस्ट्स में भी कई बार देखा गया कि नेट्स में वैभव ने आर्चर की गेंदों पर बड़े शॉट लगाए.
वैभव सूर्यवंशी को सबसे ज्यादा OUT कौन करता है?
हालांकि पूरे सीजन में अगर किसी एक शख्स ने वैभव को लगातार परेशान किया है, तो वह हैं राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर. जब वैभव सूर्यवंशी अपनी रिकॉर्डतोड़ सेंचुरी की तरफ बढ़ रहे थे, उसी दौरान ब्रॉडकास्टर्स ने डगआउट में मौजूद विक्रम राठौर से बातचीत की. इसी दौरान सुनील गावस्कर ने उनसे पूछा कि क्या राजस्थान रॉयल्स कैंप में कोई ऐसा है जो वैभव को आउट कर सकता है?
इस पर राठौर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘मुझे लगता है सिर्फ मैं ही हूं. मैं अपनी स्टिक से गेंद फेंकता हूं और अक्सर उसे आउट भी कर देता हूं. लेकिन मैं आपको इसका कारण नहीं बताऊंगा.”
उनके इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर भी फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई.
वैभव सूर्यवंशी के दिमाग में आखिर चलता क्या है?
विक्रम राठौर ने माना कि वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को समझना आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज इस समय पूरी आजादी और आत्मविश्वास के साथ खेल रहा है.
राठौर ने कहा कि सच कहूं तो जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहा है, एक कोच के तौर पर मैंने यह सीखा है कि कभी-कभी कुछ न कहना ही बेहतर होता है.” उन्होंने आगे कहा और जब कोई बल्लेबाज उस तरह बल्लेबाजी कर रहा हो, तो वह परफेक्ट फ्लो में होता है. इसलिए मैं उसे ज्यादा कुछ नहीं कहता. बस अपनी बल्लेबाजी का आनंद लो, अच्छी बल्लेबाजी करो और यही काफी है.’
राठौर के मुताबिक इस समय वैभव अपने करियर के बेहतरीन फॉर्म में हैं और वह बिना किसी दबाव के सिर्फ अपने खेल का आनंद ले रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत क्या है?
विक्रम राठौर के मुताबिक वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका खेल को समझने का तरीका है. वह सिर्फ आक्रामक बल्लेबाजी नहीं करते, बल्कि लगातार सीखते और खुद को बेहतर बनाते हैं. राठौर का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ पावर हिटर नहीं हैं, बल्कि वह क्रिकेट को बहुत तेजी से समझने वाले खिलाड़ी हैं. यही वजह है कि हर नई रणनीति के खिलाफ वह खुद को तुरंत ढाल लेते हैं.
